Today Breaking News

ससुराल में बेटी फंदे पर लटकी मिली, गुस्साए मायके वालों ने घर फूका

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. प्रयागराज शहर के मुट्ठीगंज इलाके में देर रात जमकर हंगामा हुआ। धूमनगंज के झलवा की रहने वाली आंशिका केसरवानी की शादी मुट्‌ठीगंज के अंशु के साथ हुई थी। मंगलवार रात अंशिका ससुराल में रस्सी के फंदे से लटकी मिली। खबर मायके वालो काे मिली तो काफी लोग मुट्‌ठीगंज पहुंच गए। ससुराल और मायके वालों के बीच जमकर मारपीट हुई।
अंशिका के मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे थे। रात करीब बारह बजे हंगामा बढ़ गया और मायके वालों की भीड़ ने ससुराल वालों काे घर में बंद कर आग लगा दी। अंशु के मकान के नीचे फर्नीचर की दुकान भी है। गेट बंद कर घर फूंके जाने से अफरातफरी मच गई। मुट्‌ठीगंज समेत कई थानों की फोर्स ने पहुंच हंगामा संभाला। घर के अंदर फंसे अंशु के घरवालों को पुलिस और फायर सर्विस के लोगों ने बाहर निकाला। दुकान और मकान में आग लगने से काफी देर तक लटपे उठती रहीं।
अंशु के बगल के घरों को भी पुलिस ने खाली करा दिया। अंशिका के घरवाले घर के सामने ही रोते बिलखते रहे। गुस्साए मायके वालों को पुलिस ने सख्ती कर वहां से हटाया। अंशिका की शादी एक साल पहले ही हुई थी। मायके वालों का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि या तो अंशिका को मारकर लटका दिया गया या फिर आजिज आकर उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। मामले को लेकर आधी रात तक मुट्‌ठीगंज में हंगामा चलता रहा।
मुट्‌ठीगंज के सत्तीचौरा इलाके में अंशिका की मौत के बाद पूरी रात हंगामा चला। घर और दुकान फूंके जाने के बार रेस्क्यू ऑपरेशन चला तो पूरे इलाके के लोग सड़क पर आ गए। अंशिका के ससुराल से लपटें उठ रहीं थी तो घर के सामने सड़क पर ही अंशिका के घर की महिलाएं बिलख रही थीं। अंशिका का शव भी सड़क पर ही ले आया गया था। परिवार की महिलाएं चीखती चिल्लाती रहीं। पुलिस और फायर सर्विस के कर्मचारियों ने मशक्कत कर मकान में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
अंशिका के मायके वालों का कहना है कि जब से शादी हुई थी तभी से उसे परेशान किया जा रहा था। एक दिन पहले ही अंशिका ने मायके फोन कर बताया था कि वह बस रो रही है। घरवाले बात करने के लिए अंशिका के ससुराल आने ही वाले थे कि मंगलवार को उन्हें अंशिका की मौत की खबर मिल गई।

'