Today Breaking News

बहन को भगाकर शादी करने पर साले ने जीजा को दो गोली मारी, हुई मौत; प्रेग्नेंट है बीवी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, बिजनौर.  उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में साले ने जीजा की गोली मारकर हत्या कर दी। शुक्रवार रात भरी मार्केट में उसने सीने में दो गोली मारी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। बहन को भगाकर लव मैरिज करने से युवक अपने जीजा से दुश्मनी मानता था। हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पूरा मामला चांदपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर खादर गांव का है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक का नाम ब्रजेश उर्फ डब्बू था। बृजेश ने हत्यारोपी लवी की बहन अंजली को भगाकर शादी कर ली थी। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। शादी के बाद से ही ब्रजेश पत्नी के साथ बाहर रहता था। हालांकि, जब अंजली प्रेग्नेंट हुई, तो वह वापस गांव आ गया।

उधर, लवी भी हरियाणा-पंजाब में कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता है। महाशिवरात्रि पर वह घर आया था। शुक्रवार शाम को गांव की बाजार में ही ब्रजेश का लवी से आमना-सामना हो गया। दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद लवी ने तमंचा निकालकर ब्रजेश को दो गोली मार दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

भरी मार्केट में फायरिंग होने से वहां भगदड़ मच गई। कुछ ही मिनटों में दुकानदार भाग गए। वारदात के बाद लवी भी भाग गया। पुलिस ब्रजेश को नजदीकी अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। ब्रजेश की हत्या की सूचना मिलते ही परिवार के लोग भागते हुए अस्पताल पहुंचे।

पहले दोस्त थे लवी-ब्रजेश, बहन से लव-मैरिज से हुई दुश्मनी

शुरुआती जांच में पता चला कि हत्यारोपी लवी और ब्रजेश पहले दोस्त हुआ करते थे। दोनों का एक-दूसरे के घर आना जाना था। इसी दौरान ब्रजेश का लवी की बहन अंजली से अफेयर शुरू हो गया। जनवरी 2023 में ब्रजेश अंजली को लेकर भाग गया।

इससे दोस्ती दुश्मनी में बदल गई। इस मामले में 5 जनवरी 2023 को थाना चांदपुर में लड़की को जबरन भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया। लड़का-लड़की की तलाश की गई, लेकिन वह नहीं लौटे। कुछ दिनों बाद 25 जनवरी को पुलिस ने उस मुकदमे में FR लगा दी थी।

ग्रामीणों ने बताया, ''अंजली से लव मैरिज के बाद ब्रजेश कई महीनों तक गांव नहीं आया। वह दूसरे शहरों में रहता रहा। इस बीच, अंजली प्रेगनेंट हो गई। इसके बाद ब्रजेश अंजली के साथ गांव आकर रहने लगा था। इधर, ब्रजेश को लगा था कि अब सब कुछ सामान्य हो गया होगा। लेकिन, लवी उससे दुश्मनी मानता था।''

ब्रजेश मृतक

शुक्रवार रात ब्रजेश गांव के पास बाजार गया था। इसी दौरान लवी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। दोनों में विवाद हुआ और उसने हत्या कर दी। SP नीरज कुमार जादौन ने बताया, ''मुख्य आरोपी लवी को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है। जांच में पता चला कि है कि लवी की बहन से भगाकर शादी करने से वह नाराज था, जिस कारण वारदात की।''

'