Today Breaking News

गाजीपुर जिले में आंधी और बेमौसम बारिश से फिर बदला मौसम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में शनिवार की देर रात आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई शहर की सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गईं और जगह-जगह पानी भर गया। ऐसे में हालात बदतर हो गए। कीचड़ से लोग आने-जाने को मजबूर रहे। वहीं, जगह-जगह वाहन फंस गए। शनिवार की रात दस बजे के बाद मौसम में बदलाव हुआ। 
ठंडी हवाओं के झोंके चलने लगे और आसमान में बिजली चमकने लगी। कुछ देर बूंदाबांदी हुई, लेकिन बारिश नहीं हुई। कुछ देर बाद आंधी चलने लगी और तेज बारिश शुरू हो गई। देर रात तक झमाझम बारिश हुई। बारिश के कारण नगर की जर्जर सड़कों पर कीचड़ पसर गया। इसके कारण अगले दिन नगर की सड़कों पर पैदल चलना तक दुश्वार हो गया। कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक कपिलदेव शर्मा ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 22.9 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे जनपद में दो मिलीमीटर बारिश हुई। शनिवार की रात में हवा 20 से 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। जबकि रविवार को पूर्वी हवा आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली।

बारिश को यदि खेती-किसानी के नजरिए से देखा जाए तो यह अलग-अलग फसलों के लिहाज से मिश्रित परिणाम देने वाली है। गेहूं-जौ के लिए बारिश फायदेमंद है। वहीं सरसो, अरहर और फूल वाली फसलों के लिए यह नुकसानदायक है। जबकि फल वाले फसलों के लिए यह लाभकारी है।
'