Today Breaking News

मुख्तार को अगर हार्ट अटैक भी हुआ है तो उसकी वजह है जहर - अफजाल अंसारी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुख्तार अंसारी की मौत को लेकर सांसद अफजाल अंसारी ने बड़ा बयान दिया है। एक न्यूज एजेंसी से खास बातचीत में अफजाल ने कहा कि अगर हार्ट अटैक भी हुआ है तो उसकी वजह है कि उसे (मुख्तार अंसारी) जहर दिया गया था। अफजाल ने दावा किया है कि 19 तारीख को जहर दिया गया था।
मुख्तार अंसारी ने खुद न्यायालय में आरोप लगाया था कि उन्हें जहर दिया जा रहा है। कोर्ट ने इसका संज्ञान भी लिया और रिपोर्ट भी मांगी। हमने जेल के अधीक्षक से इलाज के लिए कहा था और उन्होंने हमें इलाज का आश्वासन दिया था। 20 तारीख को रात में मेरी बात हुई थी, लेकिन, 26 तारीख को सुबह हमें सूचना मिली कि मुख्तार अंसारी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। 
यह साधारण बात नहीं है, क्योंकि उन्होंने जहर दिए जाने की आशंका व्यक्त की थी। हम जब उनसे मिलने पहुंचे तब उन्होंने कहा कि उन्हें 19 तारीख को जहर दिया गया है। हमने डॉक्टरों से इलाज के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि एक्सरे, अल्ट्रासाउंड कराया गया है।
2 घंटे बाद मुख्तार को फिट बताकर व्हीलचेयर पर बैठाकर जेल पहुंचा दिया गया, जब मृत्यु हुई तो उन्होंने कहा कि कार्डियाक अरेस्ट हुआ है। ये सब मिलीभगत है, अगर हार्ट अटैक भी हुआ है तो उसकी वजह है कि उसे जहर दिया गया था।