Today Breaking News

उत्तर प्रदेश के इन जिलों आज में आंधी-बारिश का अलर्ट, फसलों के नुकसान की आशंका

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने आज यानी 15 अप्रैल को प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। 16 और 17 अप्रैल को भी प्रदेश में धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। इससे पहले रविवार को मुरादाबाद, संभल समेत कई अन्य जिलों में बारिश हुई थी। इस दौरान प्रदेश में औसत से 750% ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
आज इन जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट
आज कानपुर नगर, कानपुर देहात, हमीरपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, मथुरा, हाथरस, आगरा में आंधी- बारिश का अनुमान है। इसके अलावा फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में इस सीजन में पहली बार प्री-मानसून की बारिश औसत से अधिक दर्ज की गई।

रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। जो 0.9 मिमी. रिकार्ड हुई। ये औसत बारिश 0.1 मिमी. के मुकाबले अधिक है। ललितपुर में 35.7 और गाजीपुर में 32.0 मिमी. बारिश रिकॉर्ड हुई। जो प्रदेश में सबसे अधिक है। जिन जिलों में बारिश हुई, वहां अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मेरठ के अधिकतम तापमान में 5.5 डिग्री तक की गिरावट हुई। यहां तापमान 30.6 डिग्री दर्ज हुआ। मुरादाबाद में 3.4 डिग्री तक तापमान में गिरावट हुई।

वाराणसी और बहराइच सबसे गर्म
पूर्वी यूपी के जिलों में तापमान अब तेजी से चढ़ने लगा है। रविवार को प्रदेश में वाराणसी सबसे गर्म शहर रहा, यहां 39.2 डिग्री दर्ज हुआ। इतना ही तापमान बहराइच का भी दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान प्रदेश में सबसे कम बस्ती का 19.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। कानपुर की सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया, कई मौसमी सिस्टम पूरे देश में काम कर रहे हैं। इसकी वजह से बंगाल की खाड़ी में नम हवाएं उत्तर भारत की तरफ आ रही हैं। जिससे बादल भी बन रहे हैं। ये बादल मेघ गर्जना वाले बन रहे हैं। धूल भरी आंधी और बारिश की पूरी संभावना है।

कृषि मौसम विज्ञानी के मुताबिक प्री-मानसून बारिश से गेंहू, सरसों, चना, अरहर, मूंग दाल, मक्का जैसी फसलों को आंधी और बारिश की वजह से नुकसान संभव है। किसानों को पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी गई थी। कटाई के बाद अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
'