Today Breaking News

मायके में विवाहिता का फंदे से लटकता मिला शव, 5 महीना पहले हुआ था विवाह

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी के शिवपुर में शुक्रवार की शाम एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। वहीं परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
शिवपुर थाना क्षेत्र के इंद्रपुर की रहने वाली रूबी (25) पुत्री जोल्हावन राम की शादी नवंबर 2023 में लोहता के रहने वाले लोको पायलट विजय कुमार से हुई थी। शादी के बाद रूबी अपने ससुराल लोहता में रह रही थी। परन्तु पहली होली होने के कारण फरवरी में रूबी अपने मायके वापस आकर रह रही थी। परिजनों ने बताया कि रूबी माइग्रेन की बीमारी से पीड़ित थी। जिसका इलाज भी चल रहा था। एक भाई और पांच बहनों में रूबी सबसे छोटी थी।

रूबी के भाई नरेंद्र कुमार जो भारतीय स्टेट बैंक चंदवक जौनपुर में शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात हैं। उन्होंने रोते हुए बताया कि मेरी बहन बहुत ही सरल और मृदुभाषी थी। शादी के 5 महीने के अंदर ही ऐसा कदम उठा लेगी किसी को पता नहीं था।

रूबी की मां जड़ावती देवी ने बताया कि रोज की तरह आज भी रूबी दोपहर का खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई। शाम हो जाने पर भी जब वह नहीं उठी तो मैं उसे जगाने गई। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो खिड़की की जाली हटाकर देखा तो उनकी बेटी पंखे में फंदे से लटक रही थी।

वहीं घबराई मां की चीख पुकार सुनकर पिता भी पहुंच गए। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जिससे रूबी की मौत हो चुकी थी। शिवपुर पुलिस सहित फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित कर जांच पड़ताल में जुट गई।

प्रभारी निरीक्षक रविशंकर त्रिपाठी ने बताया कि विवाहिता के फांसी लगाने की सूचना शाम 6 बजे परिजनों द्वारा दी गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लेकर शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। वहीं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

'