Today Breaking News

प्रेमी संग बेटा को पेपर दिलाने गई थी मां, पति ने सिर में मारी गोली; आशिक गंभीर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, बुलंदशहर. बुलंदशहर में पति ने पत्नी के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। लिव-इन में रह रहे प्रेमी को भी शूट किया है। उसकी हालत गंभीर है। महिला प्रेमी के साथ अपने बेटे को एग्जाम दिलाने आई थी। इसी दौरान पति अपने भाई के साथ आया। दोनों वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। जबकि प्रेमी का इलाज चल रहा है। घटना सर्वोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से 300 मीटर दूर की है।

अब पढ़िए पूरा मामला...
स्याना के खानपुर थाना क्षेत्र के खिदरपुर गांव के सतीश चौधरी की 20 साल पहले सावित्री से शादी हुई थी। कुछ साल बाद सावित्री को औरंगाबाद के गंगहारी गांव के रहने वाले सरजीत से प्रेम हो गया। सावित्री 5 साल पहले अपने बेटे को लेकर सरजीत के साथ रहने लगी।

घायल प्रेमी सरजीत ने बताया कि सोमवार सुबह सावित्री के बेटे को हम लोग खानपुर के सर्वोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पेपर दिलवाने आए थे। बेटा पेपर देने अंदर चला गया था। हम लोग सेंटर से करीब 300 मीटर दूर खेत में जाकर बैठ गए।
तभी सतीश चौधरी और उसका भाई दोनों अलग-अलग बाइक से आए। हम लोगों को देखते हुए तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही मैं बेहोशी की हालत में चला गया। जबकि सावित्री मेरे बगल में खून से लथपथ पड़ी थी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। मुझे याद नहीं है कि मैं कैसे अस्पताल पहुंचा।

एसएसपी बोले- महिला में सिर में गोली लगी थी
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि महिला को उसके पति ने गोली मारी है। महिला के सिर में गोली लगने से मौत हो गई। जबकि उसका प्रेमी घायल है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। मामले की जांच की जा रह है। आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।