विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने श्री रामलला के दर्शन किए, गर्भगृह में 10 मिनट रुके
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, अयोध्या. विराट कोहली और अनुष्का शर्मा रविवार सुबह अयोध्या पहुंचे। दोनों ने सुबह 7 बजे रामलला के दर्शन किए। दोनों गर्भगृह में करीब 10 मिनट रहे। हालांकि राम मंदिर में विराट-अनुष्का की तस्वीरें सामने नहीं आई हैं।
मंदिर के सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया- विराट और अनुष्का को प्रोटोकॉल के तहत अंदर ले जाया गया। वरिष्ठ पुजारी संतोष तिवारी ने रामनामी पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
रामलला के दर्शन करके दोनों करीब 8 बजे हनुमानगढ़ी पहुंचे। विराट ने सवा किलो लड्डू और फूलों की माला चढ़ाई। पुजारी ने उन्हें सफेद और लाल रंग के फूलों की दो मालाएं पहनाईं। सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।
अनुष्का को भी पुजारी ने पीले रंग की दो मालाएं पहनाकर आशीर्वाद दिया। इसके बाद महंत ने दोनों को शॉल ओढ़ाई। विराट ने अनुष्का का हाथ पकड़कर मंदिर की परिक्रमा भी की। दोनों वहां करीब 20 मिनट रुके।
विराट-अनुष्का ने राम मंदिर के पुजारी से मंदिर की नक्काशी के बारे में बात की। सूत्रों के मुताबिक दोनों ने मंदिर के प्रथम तल के निर्माण कार्य को भी देखा। अभी तक यहां केवल निर्माण एजेंसियों से जुड़े लोग और पदाधिकारी ही आते-जाते हैं। दोनों करीब आधे घंटे मंदिर परिसर में रहे।
हनुमानगढ़ी में विराट-अनुष्का को प्रतिमा भेंट की गई
महंत ने विराट-अनुष्का को हनुमान जी की प्रतिमा भेंट की। हनुमानगढ़ी के महंत संजय दास ने कहा-
विराट और अनुष्का शर्मा का आध्यात्म, संस्कृति और सनातन धर्म के प्रति लगाव है। उन्होंने रामलला के दर्शन किए और फिर हनुमानगढ़ी पहुंचे। भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद लिया। आध्यात्म और पौराणिक चीजों के बारे में चर्चा हुई।
अनुष्का शर्मा लखनऊ चिकन का कुर्ता पहने हुई थीं। सिर पर गुलाबी रंग का दुपट्टा ओढ़ रखा था। वहीं, विराट कोहली ने क्रीम रंग का कुर्ता-पायजामा पहन रखा था। रामलला और हनुमानजी के दर्शन करने के बाद विराट-अनुष्का लखनऊ रवाना हो गए। विराट और अनुष्का के अयोध्या पहुंचने के बारे में पहले जानकारी नहीं मिली थी। दोनों लखनऊ से कार में अयोध्या आए थे। अयोध्या में भी दोनों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
![]() |
विराट-अनुष्का ने हनुमानगढ़ी के महंत ज्ञान दास के उत्तराधिकारी संजय दास से मुलाकात की। महंत ने दोनों को हनुमान जी की मूर्ति भेंट की। |
इससे पहले, 13 मई को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के अगले दिन विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचे थे। दोनों ने प्रेमानंद महाराज को दंडवत प्रणाम कर आशीर्वाद लिया था। प्रेमानंद महाराज ने विराट और अनुष्का से पूछा था- प्रसन्न हो? इस पर विराट ने मुस्कुराकर कहा था- हां।
कोहली ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 23 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ IPL में मैच खेला था। उसमें इनकी टीम RCB को 42 रन से हार मिली थी। मैच में कोहली ने 25 गेंद में 43 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। RCB का अगला मैच 27 मई को लखनऊ से है।