गाजीपुर में डीजे पर नाचने के विवाद में ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले, दर्जनों घायल, 12 हिरासत में
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र में स्थित मदनही और बबुरा गांव के बीच शुक्रवार को हिंसक झड़प हुई। दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से मारपीट हुई। इस घटना में दर्जनों लोग घायल हो गए।
घटना की जड़ दो दिन पहले करंडा थाना क्षेत्र के बेलासी गांव में आयोजित एक कार्यक्रम है। यहां डीजे पर नाचने को लेकर दोनों गांवों के युवकों में विवाद हुआ था। 29 मई को भी इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आए थे। लेकिन लोगों की मध्यस्थता से मामला शांत हो गया था।
शुक्रवार दोपहर एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के गांव पर पहुंच गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। कई लोगों के सिर में चोटें आईं। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे भयभीत हो गए। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर सैदपुर, नंदगंज और करंडा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
घायलों में सीता, लल्लन, अम्बिका, जीता, रामजनम, रविन्द्र, विरंजन, रमेश और रामबरत शामिल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एसओ नंदगंज बृजेश गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।