गाजीपुर में सीएम योगी के दौरे से पहले एक्शन, दो सपा कार्यकर्ता नजरबंद, पुलिस अलर्ट
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पहले प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पिछली बार काला झंडा दिखाने वाले दो समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नजरबंद कर दिया है।
सैदपुर के सिधौना गांव के मोहित यादव को उनके घर पर और रामदासपुर के रामनिवास यादव को भीमापार चौकी पर रखा गया है। यह कार्रवाई 21 सितंबर 2021 की घटना के मद्देनजर की गई है। उस दिन सैदपुर के टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में सीएम के कार्यक्रम के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने काला झंडा दिखाया था।
इस घटना में चार लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया था। तीन आरोपियों को जेल भेजा गया था, जिनमें मोहित और रामनिवास भी शामिल थे। सुरक्षा में चूक के कारण तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया था। तत्कालीन कोतवाल राजीव सिंह की भी किरकिरी हुई थी।
इस बार पुलिस ने पूरे जिले के संभावित उपद्रवियों की सूची बनाई है। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने पुष्टि की है कि रामनिवास भीमापार चौकी पर है। खानपुर थानाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह के अनुसार मोहित यादव घर पर पुलिस की निगरानी में है।