Today Breaking News

अखिलेश यादव के करीबी महेंद्र राजभर पर हमला...पहले तारीफ की, माला पहनाई, फिर जड़े कई थप्पड़

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. अखिलेश यादव के करीबी और सपा नेता महेंद्र राजभर पर मंगलवार को हमला हो गया। जौनपुर के आशापुर गांव में एक सम्मान समारोह के दौरान कार्यकर्ता ने पहले उनकी तारीफ में भाषण दिया। फिर माला पहनाई। इसके बाद उनके गाल पर कई तमाचे जड़ दिए।
घटना का वीडियो सामने आया है। हमला करने वाले का नाम बृजेश राजभर है। वह महेंद्र राजभर की पार्टी सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का पूर्व प्रदेश अध्यक्ष है। महेंद्र राजभर, कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। लेकिन, 2021 में अलग हो गए थे। इसके बाद सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी बना ली थी। लेकिन 2 मई को सपा में शामिल हो गए थे।

महेंद्र राजभर ने थाना जलालपुर में हमलावर बृजेश राजभर के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह हमला ओम प्रकाश राजभर के इशारे पर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अब जानिए पूरा मामला...
सुभासपा आज, 10 जून को महाराजा सुहेलदेव का विजयोत्सव मना रही है। जिन जिलों में सुभासपा का प्रभाव है, वहां आज कार्यक्रम हुए। जौनपुर में भी विजयोत्सव मनाया गया। बैकग्राउंड में महाराजा सुहेलदेव की बड़ी होर्डिंग लगी थी।

वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले बृजेश राजभर ने महेंद्र राजभर की तारीफ में भाषण दिया। कहा- जब अपने लोग सत्ता में गए, तो अपने लोगों की पैरवी नहीं की। खुद की सेवा की। अपने बेटे अपने परिवार के लिए काम किया। चक्रवती सम्राट महाराज सुहेलदेव के नाम को केवल बेचा जा रहा है। कुछ ऐसे आततायी जो समाज को लूट रहे हैं, ऐसे ही आततायी लुटेरों का हम लोग परित्याग करेंगे।

इसके बाद बृजेश राजभर महेंद्र राजभर को माला पहनाई। महेंद्र राजभर के चेहरे पर मुस्कान नजर आती है। तभी महेंद्र राजभर ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। महेंद्र को एक के बाद एक कई थप्पड़ मारे। यह देख मौके पर अफरा-तफरा मच गई। कार्यकर्ताओं ने दोनों को अलग-अलग किया।
माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ भाजपा के सिंबल पर लड़ा था चुनाव
महेंद्र राजभर 2017 के विधानसभा चुनाव में सुभासपा में थे। मऊ में माफिया मुख्तार अंसारी के खिलाफ भाजपा के सिंबल पर चुनाव लड़ा था। तब भाजपा और सुभासपा के बीच गठबंधन था। चुनाव में महेंद्र राजभर, मुख्तार अंसारी से लगभग 6000 वोट से हार गए थे।

2017 चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें मऊ की एक जनसभा में 'कटप्पा' का खिताब दिया था, कहा था कि यही कटप्पा बाहुबली का सफाया करेगा।

रामजीत राजभर बोले- ओम प्रकाश राजभर ने हमला कराया
सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामजीत राजभर ने कहा कि मऊ सदर सीट जो खाली हुई है। उसी को लेकर के सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी तैयारी कर रही है। महेंद्र राजभर को मऊ सदर से उपचुनाव लड़ाया जाएगा। ओम प्रकाश राजभर भी उपचुनाव लड़ने के लिए तैयारी कर रहे हैं। इसी को लेकर के ओमप्रकाश राजभर ने बड़ी साजिश की है। इसलिए कि महेंद्र राजभर को पीट करके प्रताड़ित कर दिया जाए की चुनाव लड़ने लायक न रह जाए।
ये तस्वीर 2 मई की है। महेंद्र राजभर ने सपा जॉइन की थी। उन्होंने अखिलेश यादव को डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा भेंट की थी।


इससे हम लोग डरने वाले नहीं हैं। हम लोग अपनी लड़ाई को जारी रखेंगे। ओमप्रकाश राजभर की जितनी भी ताकत हो कहीं से भी सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का कार्यकर्ता कमजोर नहीं होगा। महेंद्र राजभर के साथ खड़ा रहेगा। बृजेश राजभर जिसने पिटाई की है। वह ओमप्रकाश राजभर का कार्यकर्ता है।

बृजेश राजभर बनारस का जिला प्रभारी भी रह चुका है । फिर उसके दल को छोड़कर के हम लोग के साथ आया। फिर हम लोगों ने उसको पार्टी से निकाल दिए। फिर उसने ओमप्रकाश की पार्टी ज्वाइन कर ली। महेंद्र राजभर को साजिश के तहत बुलाया गया। आज 10 जून को महाराज सुहेलदेव का विजय दिवस है। ओम प्रकाश राजभर आज बहराइच में विजय दिवस मना रहे हैं। ओमप्रकाश राजभर ने ऐसा साजिश रची है कि मैं बहराइच में रहूंगा और मेरे पर कोई आरोप नहीं लगेगा।
 
 '