Today Breaking News

चाची और भतीजे की प्रेम कहानी...2 बच्चों को लेकर भागी स्त्री, 12 साल पहले शादी हुई

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, अलीगढ़. अलीगढ़ के सास-दामाद के बाद अब भतीजे और चाची की प्रेम कहानी सामने आई है। दोनों के बीच तीन सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अब दोनों घर से फरार हो गए हैं। तीन बच्चों की मां जाते समय अपने साथ दो बच्चों को भी ले गई है।
महिला परिवार में मायके जाने की बात कहकर निकली थी। परिवार के लोग यह सोच रहे थे कि महिला अपने मायके में है, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि वह अपने भतीजे के साथ फरार हो गई है। अब परिवार के लोगों ने हरदुआगंज थाने में जाकर तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है।

12 साल पहले हुई थी शादी
हरदुआगंज थाना क्षेत्र के गांव इटावली बुढ़ासी निवासी जयराम की शादी 12 साल पहले अकराबाद के गांव रंजीत का नगला धुविया नानऊ निवासी सोनिया के साथ हुई थी। जयराम राजमिस्त्री का काम करके अपना परिवार पालता है।

शादी के बाद जयराम और सोनिया की 3 संतानें भी हैं। इसमें 10 साल की कोमल, 8 साल का बेटा अजय और 6 साल की बेटी नंदिनी है। महिला अपने प्रेमी के साथ भागते समय कोमल और अजय को भी साथ ले गई है।

पति जयराम ने बताया कि उसकी पत्नी के प्रेम संबंध उनके भतीजे छोटू के साथ हो गए थे। एक साल पहले उसे पता चला कि छोटू ने उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर अवैध संबंध बना लिए। आए दिन वह घर आता-जाता रहता था। फिर परिवार वालों ने भतीजे का घर आना बंद करा दिया था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच में कहासुनी होती रहती थी।

चार महीने पहले फरवरी में भी भागी थी
पीड़ित पति ने बताया- फरवरी 2025 में भी उसकी पत्नी अपने भतीजे के साथ कहीं चली गई थी। इसके बाद उसने थाने में शिकायत की थी। थाने में शिकायत के कुछ दिनों बाद वह वापस आ गई थी, लेकिन रोज उनके बीच में झगड़ा होता रहता था। इसके बाद सोनिया अपने मायके चली गई थी और ज्यादातर समय अपने भाई के पास ही रहती थी। बीते दिनों 1 मई को ही वह भाई के घर से वापस आई थी।

पीड़ित जयराम ने बताया कि उसकी पत्नी सोनिया को भगाने में उसके ससुराल पक्ष के लोगों का भी हाथ है। उन्होंने रुपए लेकर सोनिया को उनके भतीजे के हाथ सौंप दिया है। पीड़ित ने बताया कि 23 मई को साला बंटी और उसकी बड़ी बहन सोनिया को मायके ले जाने के लिए आए थे। जिसके बाद वह बेटा अजय और बेटी कोमल को भी साथ ले गए। बाद में उन्हें पता चला कि आरोपियों ने सोनिया को छोटू के साथ भेज दिया है।

पति ने जताया बच्चों की जान का खतरा
पति ने बताया कि 2024 में जब उसे अपने भतीजे और पत्नी के प्रेम प्रसंग के बारे में पता चला था तो उसने भतीजे का घर आना बंद करा दिया था। जिसके बाद भतीजा छोटू उससे रंजिश मानने लगा था। उसने धमकी भी दी थी कि वह उसका वंश खत्म कर देगा। अब वह उसकी पत्नी और दो बच्चों को भी साथ ले गया है। पीड़ित जयराम ने बताया कि उसे डर है कि आरोपी कहीं उसके बच्चों की हत्या न कर दे।

गांव में हर तरफ चर्चा हो रही
महिला के अपने भतीजे के साथ भागने की खबर के बाद गांव के लोग पूरी तरह से सन्न हो गए हैं। सास दामाद का प्रकरण लोगों के जहन से उतर नही पाया था कि अब यह भतीजे और चाची का रिश्ते तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। यह मामला पूरे हरदुआगंज क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला से लेकर बुजुर्ग तक आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रहे हैं।

जिम्मेदारी लेने से बच रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस अब इस मामले में जिम्मेदारी लेने से बच रही है। हरदुआगंज थाना प्रभारी ने बताया कि महिला अपने घर से पहले बहन के घर गई थी। इसके बाद वहां से फरार हुई है। इसलिए यह मामला महुआखेड़ा थाना क्षेत्र का है।

वहीं महुआखेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि हमारे पास अभी कोई शिकायत नहीं आई है। अगर पीड़ित तहरीर लेकर आएंगे तो शिकायत दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
 
 '