दूसरी शादी करने पहुंचा दूल्हा, पुलिस लेकर पहुंची पत्नी; दूल्हे और पिता को बंधक बनाया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. जौनपुर में एक युवक बिना पहली पत्नी को तलाक दिए दूसरी शादी करने पहुंच गया। शाम 7 बजे बारात पहुंची। बारातियों ने नाश्ता किया। द्वार पूजा की तैयारी होने लगी। दूल्हा जैसे ही रथ पर बैठा, उसकी पहली पत्नी पुलिस लेकर पहुंच गई। वहां उसने हंगामा कर दिया।
![]() |
यह दूल्हा तूफान सिंह चौहान है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। बाद में दोनों परिवार के बीच समझौता हुआ। तब उसे छोड़ा गया। |
दूल्हे के शादीशुदा होने की बात पता चलते ही लड़की के घरवालों ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने दूल्हे और उसके पिता को बंधक बना लिया। शादी में खर्च हुए पैसे देने की मांग की। बाद में 3 लाख रुपए देने पर बात बनी। तब लड़की वालों ने दोनों को छोड़ा। मामला 7 जून का बदलापुर कोतवाली क्षेत्र का है।
बदलापुर के रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया- 5 महीने पहले मैंने अपनी बेटी की शादी मीरगंज थाना क्षेत्र के गोधना गांव के निवासी तूफान सिंह चौहान से तय की थी। 7 जून को शादी की तारीख फिक्स हुई। इससे पहले हमें यह नहीं पता था कि तूफान की पहले से शादी हो चुकी है।
हम लोग शादी की तैयारी में जुटे थे। कल सुबह से घर पर बारात के स्वागत की तैयारी चल रही थी। दहेज में देने के लिए सारा सामान आ चुका था। घर में मेहमान और जानने वाले आए गए थे। खाना, नाश्ता बन चुका था। सारी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी थी।
![]() |
यह दूल्हे की पत्नी अनीता है, जिसने पुलिस के साथ शादी में पहुंचकर हंगामा किया। |
शाम 7 बजे मछलीशहर से बारात आई। करीब 150 बाराती आए थे। हमने बारातियों को नाश्ता कराया। रिश्तेदार द्वार पूजा की तैयारी में जुट गए। मैं बारात का स्वागत करने के लिए घर के बाहर फूलों की माला लेकर खड़ा था। डीजे बज रहा था। लोग डांस कर रहे थे।
पिता बोले- मैं भागते हुए बारात के पास पहुंचा अचानक डीजे बजना बंद हो गया। मैंने लड़कों से कहा कि जाकर पता करो डीजे क्यों बंद हुआ? तभी रिश्तेदार भागते हुए आए। कहने लगे कि हमारे साथ धोखा हुआ है। लड़का पहल से शादीशुदा है। उसकी शादी हो चुकी है।
मुझे यकीन नहीं हुआ कि क्या हो रहा है। मैं भागते हुए बारात के पास पहुंचा। वहां देखा, तो पुलिस और एक लड़की खड़ी थी। मैंने पुलिस से पूछा, तो उसने कहा कि यह लड़का पहले से शादीशुदा है। इस लड़की ने इसे अपना पति होने का दावा किया है।
इतना सुनते ही मेरी आंखों से सामने अंधेरा छा गया। उधर, हंगामा होता देख बाराती भागने लगे। इसके बावजूद मेरे घरवालों ने लड़के को पकड़ लिया। लड़के के पिता उसे बचाने आए, तो उनको भी पकड़ लिया। मुझे लड़के के घरवालों ने कभी बताया ही नहीं कि तूफान की शादी हो चुकी है।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। फिर पंचायत शुरू हुई। हमने कहा कि बेटी की तो जिंदगी बर्बाद हो जाती। अब इसके साथ शादी नहीं करनी। हमने शादी में खर्च हुए पैसे की डिमांड की। पुलिस ने 3 लाख में मामला तय कराया। तब हमने लड़के और उसके पिता को छोड़ा।
2021 में हुई थी पहली शादी लड़के के पिता ओमप्रकाश चौहान ने बताया- मेरे बेटे की पहली शादी 2021 में सुजानगंज की रहने वाली अनीता से हुई थी। मेरे बेटे और अनीता की बात-बात पर लड़ाई होने लगी। दोनों ने 1 साल पहले एक-दूसरे से अलग रहने का फैसला किया। दोनों की सहमति से यह रिश्ता खत्म हुआ था।
इसके बाद अनीता अपने मायके चली गई थी और वहीं रह रही थी। अब मेरे बेटे से उसका कोई वास्ता नहीं था। उसने ही कहा था कि अब कोई रिश्ता नहीं बचा। तब मैंने बेटे की शादी तय की थी। अब इस लड़की ने नया नाटक शुरू कर दिया है। बोल रही कि वह पहली पत्नी है, साथ रहेगी।
दूल्हा बोला- अनीता की सहमति से शादी हो रही थी दूल्हे तूफान सिंह ने बताया कि पहली पत्नी की सहमति से ही मैं दूसरी शादी करने को राजी हुआ था। उसने कहा था कि हमारा और आपका रिश्ता खत्म खत्म हो गया है। अब हम अलग-अलग रहेंगे। लेकिन, कल अचानक उसने आकर हंगामा कर दिया। जबकि, शादी के बारे में मैंने उसे एक महीने पहले ही बता दिया था।
मैंने कहा था- मैं दूसरी शादी करने जा रहा हूं। इस पर उसने कहा था ठीक है, जैसी आपकी मर्जी। मेरा आपसे कोई रिश्ता नहीं। इसके बाद ही शादी की तैयारी में जुटा। लेकिन, उसकी वजह से मुझे टेंट और खाने का खर्च मिलाकर 3 लाख रुपए जुर्माना देना पड़ा। हमें तीन दिन का समय मिला है। तीन दिन में पैसा जमा देना है।
अगर मुझे पता होता तो मैंने जैसे 4 साल इंतजार किया, वैसे 4 साल और इंतजार कर लेता। मुझे नहीं पता था कि मुझे छोड़कर जाने के बाद अनीता फिर से मेरी जिंदगी में आकर हंगामा करेगी। मेरे और उसके बीच कोई लिखा-पढ़ी नहीं हुई थी। बस एक समझौता हुई था।
वहीं, बदलापुर कोतवाली पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों में सुलह-समझौता हो गया है। किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। बस लड़के के घरवालों को लड़की के घरवालों को 3 लाख रुपए देने हैं।