प्रेमी ने प्रेमिका की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद को भी उड़ाया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, कन्नौज. यूपी के कन्नौज में युवक ने प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। थोड़ी ही देर बाद खुद को भी गोली मार ली। युवक का शव तालाब के पास जबकि प्रेमिका का उसके कमरे में मिला। युवक के शव के पास लाइसेंसी बंदूक मिली, जो उसके पिता की है। मामला सौरिख थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव का है।
सूचना मिलते ही एसपी बिनोद कुमार पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सुल्तानपुर गांव की दीप्ति (22) पुत्री अशोक का पड़ोसी गांव कुठिला के रहने वाले देवांश (25) पुत्र महिपाल सिंह से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
एक सप्ताह पहले युवती के परिजनों ने उसकी शादी किसी दूसरी जगह तय कर दी। जिससे देवांश गुस्से में था और उसने दीप्ति को परेशान करना शुरू कर दिया। इसको लेकर एक दिन पहले ही गांव में पंचायत बुलाई गई। जहां देवांश ने माफी मांगते हुए दीप्ति को दोबारा परेशान न करने की बात कही थी।
3 साल से दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे
दीप्ति और देवांश दोनों का गांव बगल-बगल है। दोनों एक दूसरे से आते जाते हुए मिलते थे। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ीं तो दोनों ने एक दूसरे से मोबाइल बातचीत करने लगे। दोनों का प्रेम तीन साल से चल रहा था। इस बात की जानकारी लड़की के घरवालों को लग गई। उन्होंने 7 दिन पहले दीप्ति की शादी औरैया के एरवा कटरा थाना के चिट्ठा गांव में तय कर दी। यह बात देवांश को नागवार गुजरी और वह लड़के के पास जाकर उसे धमकाने लगा।
![]() |
घटना के बाद एसपी बिनोद कुमार पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचे, युवती के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। |
धमकी मिलने की बात लड़के ने दीप्ति के पिता को बताई। इसके बाद रविवार को नगला भजूं गांव में दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई। पंचायत में देवांश ने सभी के सामने दीप्ति से सारे रिश्ते खत्म करने और दोबारा परेशान न करने का वादा किया। लेकिन अगले ही दिन यानी सोमवार तड़के करीब 4 बजे वह पिता की लाइसेंसी 12 बोर बंदूक लेकर दीप्ति के घर पहुंच गया।
छत पर सो रही दीप्ति को मारी गोली
दीप्ति अपनी छोटी बहन के साथ घर की छत पर सो रही थी। देवांश ने नली दीप्ति के सिर से सटाकर गोली चला दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिवार वाले छत पर पहुंचे, लेकिन तब तक देवांश वहां से भाग चुका था। घटना के बाद देवांश गांव के पास स्थित तालाब के किनारे पहुंचा और वहीं खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
![]() |
पुलिस अधिकारियों ने लड़की के पिता से हत्या के बारे में पूछताछ की। |
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को देवांश के शव के पास से लाइसेंसी बंदूक व खोखे मिले। देवांश का परिवार घटना के बाद घर में ताला डालकर फरार है।
रिटायर्ड फौजी पिता की लाइसेंसी बंदूक से मारी गोली
घटना में इस्तेमाल की गई बंदूक देवांश के पिता की थी, जो रिटायर्ड फौजी हैं। यह एक लाइसेंसी हथियार था, जिसे युवक ने चुपचाप घर से निकाल लिया और घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि देवांश और दीप्ति एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन लड़की के इनकार और रिश्ता कहीं और तय हो जाने के कारण वो गुस्से में था।
दीप्ति बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा थी। परिवार में उसकी एक छोटी बहन और एक भाई है। पिता अशोक बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर तालग्राम में तैनात हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं देवांश के परिवार में भी दो भाई और दो बहनें हैं।