गाजीपुर में सांसद बोलीं- राहुल गांधी की सोच केवल एक परिवार तक सीमित:कांग्रेस का डूबना निश्चित है
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर गाजीपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें केंद्र सरकार की उपलब्धियों को साझा किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत रहीं। उन्होंने सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल को "सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण" का प्रतीक बताया और विभिन्न योजनाओं व नीतियों को देश की प्रगति का आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद संगीता बलवंत ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयान एक और एक 11, और 9-2 भी 11 पर करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता केवल बयानबाजी में माहिर हैं। उनका गणित और तथ्य दोनों असंतुलित हैं। यह वही दौर था जब उनके शासन में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह नकल संस्कृति की गिरफ्त में थी। आज वही लोग शिक्षा और गणना पर तंज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 11 सालों में वो 9 साल भी शामिल हैं, जिनमें भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है।
संगीता बलवंत ने कहा कि राहुल गांधी की सोच केवल एक परिवार तक सीमित है। उन्होंने न देश के लिए कुछ किया, न ही कर पा रहे हैं। कांग्रेस का डूबना निश्चित है और इसका सबसे बड़ा कारण खुद राहुल गांधी हैं।
मुस्कान और सोनम रघुवंशी जैसे मामलों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति में नारी का हमेशा पूजन हुआ है। ऐसी घटनाएं केवल पुरुष ही नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज के लिए शर्मनाक और चिंताजनक हैं। माता-पिता को चाहिए कि अपने बच्चों की बढ़ती उम्र के साथ विशेष संवाद और निगरानी रखें। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि मिलकर ऐसा वातावरण बनाया जाए, जिसमें बेटियां सुरक्षित, सशक्त और सम्मानित महसूस कर सकें।