गाजीपुर में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ हुई बारिश
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में आज मौसम ने अचानक करवट ली। बादलों की आवाजाही के बीच कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। इससे अधिकतम तापमान 10 डिग्री तक गिर गया। दिनो दिन बढ़ती गर्मी से लोग परेशान थे। बारिश और तापमान में गिरावट से उन्हें राहत मिली है। मालूम हो कि पिछले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच बना हुआ था।
दोपहर के बाद पूरे जिले में बादल छा गए। गाजीपुर शहर, सेवराई और दिलदारनगर समेत कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में तेज हवाएं चलती रहीं। सेवराई में तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई। सैदपुर में भी आसमान में घने बादल छा गए।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। आसमान में बादल बने रहेंगे। कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कालेज के मौसम विशेषज्ञ कपिल देव शर्मा ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून 20 जून तक पहुंचने की संभावना है।