Today Breaking News

गाजीपुर में विवाहिता का शव गमछे से लटका मिला, दहेज में बाइक नहीं मिली तो पत्नी की हत्या; पति समेत 3 पर FIR

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 21 वर्षीय ज्योति बिंद के रूप में हुई है। उसका शव कसेरा पोखरा गांव में खिड़की के ग्रिल से लटका मिला। इस घटना के चलते परिजनों में कोहरम मचा है, जबकि गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतका के पिता ओदरा थाना धीना जनपद चंदौली निवासी ओमप्रकाश बिंद ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी 21 अप्रैल 2024 को अरविंद बिंद से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में बाइक की मांग को लेकर ज्योति को प्रताड़ित करते थे।

मांग पूरी न होने पर उन्होंने ज्योति की हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए गमछे से गला कसकर शव को लटका दिया। पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति अरविंद बिंद, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मृतका की फाइल फोटो।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के मायके वाले भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर आए। ग्रामीणों की भी भीड़ जमा हो गई। मृतका का मायका चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के ओदरा गांव था। प्रभारी कोतवाल अरुण पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।