दरोगा की सॉफ्टवेयर इंजीनियर पुत्री ने सास को घसीट-घसीट कर पीटा, ससुर बोले- मुझे चाकू लेकर दौड़ाया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजियाबाद. गाजियाबाद में एक साफ्टवेयर इंजीनियर बहू ने अपनी सास को जमकर पीटा। बहू और सास में पहले नोकझोंक होती है। तभी बहू अपनी सास को पहले थप्पड़ों से मारती है। फिर घसीट कर लगातार लात मारती है। सास को झटके से नचाकर दीवार पर पटकती है। बहू इस दौरान लगातार गाली देती रहती है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
ससुर सत्यपाल सिंह ने बताया- पत्नी को पीटने के बाद बहू मुझे चाकू लेकर दौड़ाती है। मैंने खुद को कमरे में बंद करके अपनी जान बचाई। उसके पिता दरोगा हैं। इसलिए वह लगातार हम लोगों को धमकाती रहती है। मेरे बेटा भी साफ्टवेयर इंजीनियर है। वह गुरुग्राम में रहता है। इसकी वजह से घर नहीं आता है। बहू का वर्क फ्रॉम होम चल रहा है। वह घर पर ही रहती है।
घटना गाजियाबाद के कविनगर इलाके के गोविंदपुरम की है। पिछले 6 दिन से पीड़ित सास-ससुर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं। घटना 1 जुलाई की है। वीडियो 6 जुलाई को सामने आया, तब पुलिस ने FIR दर्ज की।
अब पढ़िए पूरा मामला...
बुलंदशहर निवासी सत्यपाल सिंह केंद्रीय विद्यालय दिल्ली से रिटायर्ड शिक्षक हैं। वह इस समय गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम में रहते हैं। इनकी 3 बेटियां हैं और तीनों की शादी हो चुकी है। इकलौता बेटा अंतरिक्ष गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।
सत्यपाल सिंह ने बताया कि बेटे अंतरिक्ष की शादी ढाई साल पहले गाजियाबाद के स्वर्णजयंती पुरम निवासी आकांक्षा से हुई। आकांक्षा भी साफ्टवेयर इंजीनियर है। वह पहले चंडीगढ़ में जॉब करती थीं, लेकिन एक साल से वर्क फ्रॉम होम कर रही है।
अपनी मां को बुलाकर सास को पीटा
1 जुलाई को आकांक्षा ने अपनी मां को अपने ससुराल बुलाया। जिसके बाद अपनी सास सुदेश को पीटना शुरू कर दिया। पहले गाली गलौज की। उसके बाद सास को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। सास बचाव का प्रयास करती हैं तो बहू बाल पकड़कर पीटना शुरू कर देती है।
आकांक्षा की मां भी मारपीट में साथ देती है। फिर फर्श पर गिराकर पीटा। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। इसका 1 मिनट 20 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें बहू की करतूत देखी जा सकती है।
ससुर सत्यपाल सिंह ने बताया- बेटे की पत्नी आकांक्षा लगातार हमें परेशान करती है। आकांक्षा के पिता ज्ञानेंद्र सिंह दिल्ली पुलिस में दरोगा हैं। वह आए दिन अपने पिता की धमकी देती है। इसी के कारण मेरा बेटा भी परेशान रहता है। वह घर क्लेश के कारण घर नहीं आता और गुरुग्राम ही रह रहा है।
ACP कविनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। सास के साथ मारपीट करने के मामले में बहू आकांक्षा और उसकी मां के नाम शामिल है। SHO कविनगर योगेंद्र मलिक पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।