पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला, पत्थर से सीने की हड्डी तोड़ी; 9 बच्चों की मां है हत्यारन स्त्री
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, कासगंज. कासगंज में 9 बच्चों की मां ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। 17 जून की रात पति को ईंट-भट्ठे के बाहर बुलाया। प्रेमी के साथ मिलकर पहले गला दबा दिया। फिर सीने पर पत्थर मारकर हत्या कर दी। इसके बाद प्रेमी के साथ भाग गई। अगले दिन देवर अरविंद ने भाभी और उसके प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज कराया।
22 जून को पुलिस ने ट्यूबवेल की हौज से पति की लाश बरामद की। पुलिस ने जांच के बाद पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मृतक की पहचान रतीराम (45) के रूप में हुई है। मामला पटियाली थाना क्षेत्र का है।
अब जानिए क्या है पूरा मामला
रतीराम फर्रुखाबाद के कायमगंज थाना क्षेत्र के उलियापुर गांव का रहने वाला था। वह 5 साल पहले परिवार को लेकर कासगंज चला आया था। यहां के भरगैन गांव में पत्नी रीना (40) का मायका है। रतीराम यहीं पर एक ईंट-भट्ठे पर काम करने लगा। उसके 9 बच्चे हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है।
रतीराम की पत्नी रीना का इसी ईंट-भट्ठे पर ठेकेदारी करने वाले हनीफ (30) से अफेयर हो गया। हनीफ की भी शादी हो चुकी है। उसके 2 बच्चे हैं। हनीफ रीना से 10 साल छोटा है। जब रीना और हनीफ के अफेयर की बात रतीराम को पता चली, तो वह विरोध करने लगा। कई बार रतीराम इस बात को लेकर रीना की पिटाई भी कर देता था।
इसके चलते रीना हनीफ से मिल नहीं पा रही थी। जब बात ज्यादा बढ़ गई, तो रीना ने पति की हत्या करने के लिए हनीफ को तैयार किया। दोनों ने मिलकर साजिश रची। फिर 17 जून की रात रीना और हनीफ की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों घर से भाग गए।
अब पढ़िए रीना ने जो कुछ बताया
मेरा और हनीफ का अफेयर दो साल चल रहा है। मैं हनीफ के साथ रहना चाहती थी। वह भी मेरे साथ रहने की जिद करता था। मैं हनीफ के साथ घर से पहले भी भाग चुकी हूं। लेकिन, बाद में बच्चों की खातिर वापस आ गई थी। मेरे पति को हम दोनों का मिलना-जुलना पसंद नहीं था। वह अक्सर मुझसे झगड़ा करता था। मुझे पीटता था। इसीलिए हम दोनों ने मिलकर रतीराम को मारने का प्लान बनाया। 17 तारीख की रात हमने रतीराम को भट्ठे से थोड़ी दूर बुलाया। फिर हनीफ के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। उसकी लाश बगल के एक ट्यूबवेल के हौज में फेंक दी। फिर मैं हनीफ के साथ भाग गई।
![]() |
रीना ने कहा कि मेरे प्यार में पति बाधा बन रहा था, इसलिए उसे मार डाला। |
भाई बोला ने पुलिस से शिकायत की, तब मामला खुला रतीराम के भाई अरविंद ने बताया- 19 तारीख को मुझे बच्चों से भाभी के भागने के खबर मिली। जब मैं भाई के घर पहुंचा, तो भैया का भी कुछ पता नहीं चला। भाभी हनीफ के साथ पहले भी कई बार भाग चुकी थी। इसलिए मैंने हनीफ और भाभी के खिलाफ FIR दर्द कराई।
5 दिन बाद 22 जून को भाई का शव एक हौज में मिला। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर रीना और हनीफ की तलाश शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले दोनों का मोबाइल फोन सर्विलांस पर डाला। इसके चलते दोनों की लोकेशन मिल गई और 30 जून को पकड़े गए।
अरविंद ने बताया- मेरे भाई के 9 बच्चे हैं। इनमें सबसे बड़ी बेटी रजनी 25 साल की है। उसके बाद पूजा (18), काजल (17), नंदिनी (15), प्रजा (8), बेटे संजय (19), मोहित (12), अंशुल (9) और राज (7) हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है।
क्रूरता की हदें पार कीं एएसपी राजेश भारती ने बताया- 2 साल से हनीफ के संबंध रीना से हो गए थे। हनीफ 5 बार रीना को भगा ले गया था। लेकिन, लोकलाज की वजह से रतीराम ने बात बाहर नहीं जाने दी। बार-बार वह किसी तरह पत्नी को मनाकर घर वापस लाता रहा। जब रतीराम ने रीना पर टोका-टाकी ज्यादा शुरू की, तो उसने हत्या कर दी।
![]() |
एएसपी राजेश भारती ने बताया कि दोनों ने पत्थर से मारकर रतीराम के सीने की हड्डी तोड़ दी थी। |
एएसपी ने बताया- रतीराम के साथ उसकी पत्नी रीना और उसके प्रेमी हनीफ ने बहुत ज्यादा क्रूरता की। सीने पर वजनदार चीज से जमकर प्रहार किए, उसकी पसलियां तोड़ डालीं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी रीना और हनीफ की क्रूरता सामने आई है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पटियाली सीओ संतोष कुमार के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय थाने की टीम बनाई गई थी। सोमवार सुबह दरियावगंज रेलवे स्टेशन के पास से हनीफ और रीना को गिरफ्तार किया गया। दोनों को जेल भेज दिया गया है।