Today Breaking News

गाजीपुर में गोआश्रय स्थलों की समीक्षा, चारागाह में हरे चारे की कमी पर सीडीओ नाराज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में गोआश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोवंशों के भरण-पोषण के लिए चारागाह में हरे चारे की स्थिति की समीक्षा की गई।
जनपद में प्रगति कम पाए जाने पर सीडीओ ने सभी उप जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर चारागाह में नेपियर घास लगाने का अभियान चलाने को कहा।

सीडीओ ने उप जिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। गोआश्रय में भूसा, हरा चारा और चोकर की व्यवस्था मानक के अनुरूप करने को कहा। जहां हरा चारा उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल साइलेज की व्यवस्था करने को कहा गया।

मानक के अनुरूप अद्यतन अभिलेख नहीं मिलने पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को सभी खंड विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को कंट्रोल रूम स्थापित कर गोआश्रयों में दी जा रही सुविधाओं की दैनिक फोटो और वीडियो से निगरानी करने को कहा गया। बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
 
 '