Today Breaking News

गाजीपुर में सड़क हादसे में दो व्यापारियों की मौत, एक घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भुजही मोड़ के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जखनिया से खलीलाबाद कंबल व कपड़ा खरीदकर लौट रहे व्यापारियों की कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो व्यापारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान सेमउर, भुड़कुड़ा, जखनिया निवासी शशि सिंह पुत्र रामजन्म सिंह और दुल्लहपुर निवासी सिद्दीकी पुत्र हाशिम के रूप में हुई है। दुर्घटना में तौफिक पुत्र हाशिम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। कार चालक मनु कुशवाहा इस हादसे में सुरक्षित बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे शशि सिंह और सिद्दीकी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

मृतक सिद्दीकी (35) दुल्लहपुर के निवासी थे। उनके परिवार में दो वर्षीय बेटा अरहान है। उन्होंने दो शादियां की थीं और वह छह भाइयों व दो बहनों में दूसरे नंबर पर थे। सिद्दीकी बाजार में ‘कपड़ा जलवा साड़ी महल’ से जुड़े थे।

वहीं, दूसरे मृतक शशि सिंह जखनिया क्षेत्र के जाने-माने कपड़ा व्यापारी थे। उनकी दुकान ‘प्रिंसेज’ के नाम से प्रसिद्ध है। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। बताया गया कि वह हर वर्ष अपनी ग्राम सभा में कंबल वितरण का कार्यक्रम आयोजित करते थे। इसी कार्यक्रम के लिए वह खलीलाबाद से कंबल खरीदकर लौट रहे थे। शशि सिंह के बड़े भाई अजीत सिंह सेमउर ग्राम सभा के प्रधान हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। जहानगंज थाना अध्यक्ष ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। इस दर्दनाक घटना से जखनिया और दुल्लहपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।
 
 '