Today Breaking News

गाजीपुर में जिंदा बेटी को मृत बताकर दहेज हत्या का केस कराया, आरोपी मां गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सादात थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपनी जीवित बेटी को मृत बताकर उसके ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का फर्जी मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच के बाद बेटी को सकुशल बरामद कर लिया और फर्जी मुकदमा दर्ज कराने वाली मां को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला 03 अक्टूबर 2025 को सामने आया था, जब राजवंती देवी पत्नी स्वर्गीय रामजी दास, निवासी ग्राम बरहपार भोजूराय ने प्रार्थना पत्र दिया। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी रुचि (काल्पनिक नाम) को उसके ससुराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित कर मार डाला है और उसकी लाश गायब कर दी। शिकायत के आधार पर मु0अ0स0 198/25 सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी सैदपुर ने की। इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों और साक्ष्य संकलन के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि वादिनी की बेटी जीवित है और वर्तमान में मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रह रही है।

इसके बाद, क्षेत्राधिकारी सैदपुर ने रुचि को बरामद करने के लिए थाना सादात से एक पुलिस टीम का गठन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उच्चाधिकारियों से गैर-प्रांत जाने की अनुमति प्राप्त करने के बाद गठित टीम को ग्वालियर रवाना किया गया।

पड़ताल के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि रुचि ग्वालियर से निकलकर सादात क्षेत्र में आ रही है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर रुचि को बरहेता पुल के पास, थाना सादात, गाजीपुर से जिंदा और सकुशल बरामद कर लिया।

अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, 10 जनवरी 2026 को थाना सादात के थानाध्यक्ष और उनकी टीम ने अपनी जीवित बेटी को मृत बताकर उसके ससुराल वालों के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराने वाली वादिनी राजवंती देवी को बरहपार भोजूराय, थाना सादात से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान राजवंती देवी पत्नी स्वर्गीय रामजी दास, निवासी ग्राम बरहपार भोजूराय, थाना सादात, जनपद गाजीपुर, उम्र लगभग 60 वर्ष के रूप में हुई है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुनीत कुमार और महिला कांस्टेबल गायत्री यादव शामिल थीं।
 
 '