Today Breaking News

गाजीपुर में विभूति एक्सप्रेस पर पथराव, दो युवक गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दिलदारनगर क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बुधवार की रात विभूति एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-1 पर पथराव करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर डीडीयू रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया।
आरपीएफ निरीक्षक गणेश राणा ने बताया कि सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर से रात 8:05 बजे सूचना प्राप्त हुई कि प्रयागराज से हावड़ा जा रही डाउन 12334 विभूति एक्सप्रेस के कोच एस-1 पर जमानियां स्टेशन से खुलने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्थर फेंका गया है। घटना में बर्थ संख्या 28 पर यात्रा कर रही एक महिला यात्री के सिर में चोट आई।

सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम मौके के लिए रवाना हुई तथा जमानियां स्टेशन के कैंपिंग स्टाफ आरक्षी डब्ल्यू कुमार को सूचित करते हुए डाउन दिशा की ओर पूर्वी छोर पर सघन तलाशी के निर्देश दिए गए। चेकिंग के दौरान जमानियां स्टेशन से लगभग 500 मीटर दूरी पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में शराब के नशे में पिट्ठू बैग के साथ मिले।

पूछताछ में दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। बाद में उन्होंने बताया कि वे बिहार से शराब पीने और ले जाने के लिए आए थे। नशे की हालत में आपसी विवाद के दौरान एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने लगे, जिसमें एक पत्थर गुजर रही ट्रेन के कोच पर जा लगा।

गिरफ्तार युवकों की पहचान सुनील कुमार निवासी अरियाव, थाना कृष्णाब्रह्म, जिला बक्सर (बिहार) तथा पिंटू कुमार के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
 
 '