गाजीपुर में भदौरा बीईओ को हार्ट अटैक, रेवतीपुर बीईओ को अतिरिक्त प्रभार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. उपासना रानी वर्मा ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। उन्होंने रेवतीपुर के खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम को भदौरा ब्लॉक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
यह निर्णय भदौरा के वर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह पटेल के अचानक हार्ट अटैक के कारण खराब स्वास्थ्य और चिकित्सकीय अवकाश पर चले जाने के बाद लिया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, सुरेंद्र सिंह पटेल पिछले लगभग दस माह से भदौरा में तैनात थे।
अतिरिक्त प्रभार मिलने की सूचना पर रेवतीपुर क्षेत्र के शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षकों ने उनके नेतृत्व में भदौरा शिक्षा क्षेत्र में शैक्षणिक कार्यों में सुधार की उम्मीद जताई है।
प्रभार ग्रहण करने के बाद अशोक कुमार गौतम ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा, “शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। बच्चों की नियमित उपस्थिति, पठन-पाठन की निरंतरता और विद्यालयों में अनुशासन सुनिश्चित किया जाएगा।”
