Today Breaking News

ट्रेनिंग के दौरान हार्टअटैक से गाजीपुर के सेना के हवलदार का निधन, पैतृक गांव पहुंचा पार्थिव शरीर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के सैदपुर क्षेत्र के सौना गांव निवासी सेना पुलिस के हवलदार चंद्रेश यादव (40 वर्ष) का पार्थिव शरीर मंगलवार को गांव पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। इस दौरान भारत माता की जय के नारों से माहौल भावुक हो गया।
सोमवार को मिलिट्री पुलिस हेडक्वार्टर में प्रशिक्षण के समय अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सेना के जवानों ने पूरे सम्मान के साथ उनका शव गांव लाया। गांव पहुंचने पर सेना के जवानों ने पुष्प अर्पित कर अंतिम सलामी दी और परिजनों को राष्ट्रध्वज सौंपा। हवलदार चंद्रेश यादव के पिता बेचन यादव, पत्नी कुसुम देवी, पुत्री प्रिया तथा पुत्र प्रिंस और पीयूष का रो-रोकर बुरा हाल था। इसके बाद डीजे पर देशभक्ति गीत बजाते हुए शव यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए हजारों ग्रामीण भारत माता की जय के नारे लगाते हुए शामिल हुए।
चंद्रेश यादव। (फाइल फोटो)
शव यात्रा शाम को सैदपुर के जौहरगंज श्मशान घाट पहुंची, जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह, युवा शक्ति संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
 
 '