Today Breaking News

गाजीपुर में सिटी रेलवे स्टेशन के बाहर पटाखा फटा, ई-रिक्शा चालक घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन के बाहर मंगलवार को एक पटाखा फटने से ई-रिक्शा चालक घायल हो गया। यह घटना रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया के बाहर स्थित ई-रिक्शा स्टैंड के पास हुई। राईनी कॉलोनी, थाना कोतवाली गाजीपुर निवासी ई-रिक्शा चालक नूरे इस्लाम के दाहिने पैर के नीचे आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाला एक पटाखा दब गया।
अचानक हुए विस्फोट से उनके दाहिने पैर का पंजा जख्मी हो गया। स्थानीय नागरिकों की सहायता से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस, क्षेत्राधिकारी सदर और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) भी जांच के लिए तैनात की गई।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे पटाखे के आकस्मिक विस्फोट का मामला बताया है। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों से किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने की अपील की है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और किसी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति नहीं है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
 
 '