Today Breaking News

गाजीपुर में बाइक-साइकिल टक्कर में किशोर की मौत, बाइक सवार घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मुहम्मदाबाद इलाके में रविवार शाम एक सड़क हादसे में 10 वर्षीय किशोर अमित राजभर की मौत हो गई। भांवरकोल-अवथही मार्ग पर लोचाइन विश्वकर्मा मंदिर के पास साइकिल और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हुई। इस दुर्घटना में बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक अमित राजभर लोचाइन निवासी रवीन्द्र राजभर उर्फ टनमन का पुत्र था। वह साइकिल से सुखडेहरा की ओर जा रहा था। विश्वकर्मा मंदिर से थोड़ा आगे बढ़ते ही सामने से तेज गति से आ रही बाइक से उसकी साइकिल टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित को गंभीर चोटें आईं।

ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल अमित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार करीमुद्दीनपुर क्षेत्र के नरयनापुर निवासी अमन कुमार भी घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस की 112 गाड़ी मौके पर पहुंची और घायल बाइक सवार को सीएचसी मुहम्मदाबाद ले गई।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय अपनी टीम के साथ मृतक के आवास पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। अमित अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था और कक्षा दो में एक निजी विद्यालय में पढ़ता था। उसके पिता रवीन्द्र राजभर उर्फ टनमन मजदूरी के साथ हलवाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

अमित की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में मातम छा गया। उसके पिता रवीन्द्र राजभर, मां रीमा देवी, बहन दुर्गा और बड़े भाई अजीत राजभर का रो-रोकर बुरा हाल था।

 
 '