गाजीपुर में ट्रेलर ने बाइक सवार को रौंदा, मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दिलदारनगर-रकसहां मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय बाइक सवार युवक की ट्रेलर से कुचलकर मौत हो गई। यह घटना वारलेस मोड़ के पास हुई, जहां युवक का शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
मृतक की पहचान भदौरा ब्लॉक क्षेत्र के उसियां गांव स्थित मोहल्ला बंगला निवासी मुदस्सिर अली (15) पुत्र मजहर अंसारी के रूप में हुई है। मुदस्सिर सोमवार को अपने गांव उसियां से बाइक पर दिलदारनगर बाजार जा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे कुचल दिया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही दिलदारनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रेलर को जब्त कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में शोक छा गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
दिलदारनगर थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
