Today Breaking News

गाजीपुर में सांड से टकराई सुपरफास्ट ट्रेन, रेल और सड़क यातायात बाधित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। नायकडीह रेलवे हाल्ट के पास 12166 रत्नागिरी-गोरखपुर लोकमान्य तिलक सुपरफास्ट एक्सप्रेस एक सांड से टकरा गई। यह घटना शाम करीब 6:40 बजे हुई, जिससे रेल और सड़क यातायात दोनों प्रभावित हुए।
गोरखपुर से वाराणसी की ओर जा रही यह सुपरफास्ट ट्रेन नायकडीह रेलवे हाल्ट के पास एक बड़े सांड से टकराई। टक्कर के बाद ट्रेन वहीं रुक गई। इस घटना के कारण अप लाइन का रेल यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया और पुणे एक्सप्रेस को पिपरीडीह स्टेशन पर रोकना पड़ा।

ट्रेन के रुकने से दुल्लहपुर गेट संख्या 11 स्पेशल और अमारी गेट संख्या 13 स्पेशल लगभग 25 मिनट तक बंद रहे। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस संबंध में जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि नायकडीह के पास 'कैटल रन ओवर' (CRO) की घटना हुई है। सांड का कुछ हिस्सा ट्रेन के इंजन के बफर में फंस गया था, जिसे कर्मचारियों द्वारा हटाया जा रहा है। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया जाएगा।
 
 '