Today Breaking News

गाजीपुर में राज्य कर विभाग ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज की, 30 हजार से अधिक का जुर्माना

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां क्षेत्र अंतर्गत ताड़ीघाट–बारा नेशनल हाईवे पर आज मंगलवार को राज्य कर विभाग की सचल दल टीम ने कर चोरी के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान दो ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर 30 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया।
अचानक हुई इस सघन चेकिंग से परिवहन कारोबारियों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोडेड कमर्शियल वाहन रास्ता बदलते देखे गए।

यह अभियान राज्य कर सचल दल, गाजीपुर के असिस्टेंट कमिश्नर सुभाष चंद्रा के नेतृत्व में संचालित किया गया। टीम ने हाईवे पर मालवाहक वाहनों की गहन जांच की। इसी क्रम में गाजीपुर से सुहवल की ओर जा रही ईंट लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने का प्रयास किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टीम के रुकने का संकेत देने पर दोनों ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर तेजी से भागने लगे। हालांकि, सतर्क टीम ने पीछा कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया।

जांच के दौरान चालकों से आवश्यक प्रपत्र मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद राज्य कर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया।

सीज किए गए वाहनों को सुहवल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इन पर करीब 30 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना भी लगाया गया है।

सुहवल थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि राज्य कर सचल दल द्वारा आवश्यक कागजात के अभाव में दोनों वाहनों को पकड़ा गया है। विधिक प्रक्रिया के तहत उन्हें सीज कर थाने में रखा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि कर चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में यह स्पष्ट संदेश गया है कि बिना वैध प्रपत्र के माल ढुलाई करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।