Today Breaking News

गाजीपुर में इंदौर-पटना एक्सप्रेस की चपेट में आने से तीन मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग पर रविवार शाम करीब 6 बजे भदौरा ब्लॉक क्षेत्र में बारा-गहमर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई।
मृतकों में से एक की पहचान आधार कार्ड से हुई है, जबकि दो अन्य की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गहमर स्टेशन मास्टर ने गहमर कोतवाली पुलिस को बारा कला हॉल्ट और गहमर रेलवे स्टेशन के बीच पोल संख्या 678/28 के पास तीन युवकों के क्षत-विक्षत शव पड़े होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को ट्रैक से हटाया।

मृतकों में से एक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर जयनाथ साहनी (37) पुत्र विपत साहनी, निवासी केरमा डीह, मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बारा रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात विक्रांत ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों युवक इंदौर-पटना एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि तीनों के शव रेलवे ट्रैक पर लगभग 200 मीटर के दायरे में क्षत-विक्षत अवस्था में बिखरे हुए थे।

गहमर के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अन्य दो शवों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।