Today Breaking News

गाजीपुर में शॉर्ट सर्किट से गेहूं के खेत में लगी आग, तीन बीघा खड़ी फसल जलकर राख

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. हथौड़ा गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण किसानों के गेहूं के खेतों में आग लग गई। इस घटना में लगभग तीन बीघे गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
प्रभावित किसानों में नक्षत्र यादव, रामनगीना यादव, नग्गू यादव और पारस यादव शामिल हैं। ये किसान लीज पर खेत लेकर खेती करते थे। आग लगने से उनकी फसल को भारी नुकसान हुआ है।

माले पार्टी के नेता आजाद यादव ने बताया कि बिजली विभाग के तार ढीले होने के कारण आपस में सट गए थे। इसी दौरान एक चिड़िया के तारों पर बैठने से वह जल गई, जिससे चिंगारी निकली और खेतों में आग फैल गई।

गोपालपुर निवासी आनंद यादव ने आग की इस घटना को देखकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सरकार से किसानों के हित में भविष्य में ऐसी आग लगने की घटनाओं से बचाव और उनसे निपटने के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की है।