गाजीपुर में ट्रेलर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, चालक फरार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. करंडा थाना क्षेत्र के चोचकपुर स्थित बरवा मोड़ पर बुधवार दोपहर करीब दो बजे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रेलर ने एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
घायल युवक की पहचान मेदनीपुर गांव निवासी 26 वर्षीय विवेक राजभर पुत्र रामप्यारे राजभर के रूप में हुई है। वह अपाची बाइक से चोचकपुर की ओर से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह बरवा मोड़ के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना से नाराज क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से बालू लदे बेलगाम ट्रेलर ट्रकों पर रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे वाहन आए दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं। वहीं, प्रभारी थानाध्यक्ष शैलेश यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
