Today Breaking News

गाजीपुर में फोरलेन पर हादसा, खड़ी टेलर से भिड़ी डीसीएम, चालक-खलासी सुरक्षित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मरदह-मऊ फोरलेन मार्ग पर केठवली चट्टी के पास मंगलवार सुबह खड़ी टेलर में पीछे से आ रही एक अनियंत्रित डीसीएम घुस गई। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, चालक और खलासी बाल-बाल बच गए।
दरअसल, एक खाली डीसीएम बिरनो से मऊ की ओर जा रही थी। केठवली चट्टी के पास सड़क किनारे खड़ी टेलर से वह अचानक टकरा गई। फोरलेन पर आए दिन वाहन चालक लापरवाही से गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे ऐसे हादसे हो रहे हैं।

हादसे के बाद डीसीएम चालक संजय (निवासी फतेहगंज, बरेली) और खलासी गुड्डू को स्थानीय लोगों की मदद से वाहन से बाहर निकाला गया। दोनों को मामूली चोटें आईं और उनकी जान बच गई।

ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि हाईवे पर अवैध पार्किंग पर प्रशासन कोई सख्ती नहीं कर रहा। रात या सुबह के समय सड़क किनारे खड़े वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे पीछे से आने वाले वाहन दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।