Today Breaking News

गाजीपुर में प्रेमिका से बात बंद होने पर मोबाइल टावर पर चढ़ा प्रेमी, पुलिस ने शांति भंग की कार्रवाई

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. शादियाबाद थाना क्षेत्र के गुरैनी गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की हरकत से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
ग्रामीणों के मुताबिक युवक अपने साथ कॉपी और कलम लेकर टावर पर चढ़ा था। वह कागज पर अपनी बातें लिखकर नीचे फेंक रहा था। एक नोट में उसने चेतावनी दी कि कोई ऊपर चढ़ने की कोशिश न करे, वरना वह अपनी जान दे देगा। साथ ही उसने एक मोबाइल नंबर लिखकर उस पर बात करने को कहा।

घटना की सूचना मिलते ही शादियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि युवक की पहचान संजीत साव (21) निवासी वीरगांव, रायपुर (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह क्षेत्र की एक युवती से प्रेम करता था। युवती द्वारा फोन पर बातचीत बंद कर देने से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार युवक के खिलाफ शांति भंग में चालान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।