Today Breaking News

गाजीपुर में हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार, ढाबे से पकड़ा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले की रेवतीपुर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। करीब एक महीने से फरार 19 वर्षीय सबरू राम निवासी हसनपुरा को बुधवार को ताड़ीघाट-बारा हाईवे स्थित एक ढाबे के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कहीं भागने की फिराक में बस का इंतजार कर रहा था, तभी पहले से मुस्तैद टीम ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने सबरू राम को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकरण में पहले ही 12 आरोपी न्यायिक हिरासत में जिला जेल में बंद हैं। एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

यह उल्लेखनीय है कि बीते 4 मार्च 2026 को थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घायलों के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एक ही पक्ष के 14 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर सबरू राम को गिरफ्तार किया। उन्होंने शेष बचे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।