Today Breaking News

गाजीपुर में किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत जेल रवाना

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में एक किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया है। यह घटना मरदह थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई।
पुलिस के अनुसार, बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर गांव निवासी राजकुमार राजभर का मरदह थाना क्षेत्र के एक गांव में अक्सर आना-जाना लगा रहता था, क्योंकि वहां उसकी रिश्तेदारी थी। इसी दौरान वह गांव की एक किशोरी के संपर्क में आया और उसे अगवा कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद पीड़िता के पिता ने मरदह थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। उपनिरीक्षक मनेश शंकर द्विवेदी के नेतृत्व में एक टीम ने दबिश देकर आरोपी राजकुमार राजभर को गिरफ्तार कर लिया।

मरदह थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और संबंधित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को देर शाम न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।