Today Breaking News

गाजीपुर में ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी, मौके पर मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. खानपुर में समाजवादी पार्टी नेता क्षितिज सम्राट के बड़े पिता रामकिशुन राम का शनिवार दोपहर सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। यह हादसा औड़िहार त्रिमुहानी के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। रामकिशुन राम की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रामकिशुन राम अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल से घर से सैदपुर जा रहे थे। औड़िहार त्रिमुहानी के पास पहुंचने पर वह एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। परिवार में भतीजे की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना से शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। रामकिशुन राम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक रामकिशुन राम अपने पीछे पत्नी उषा देवी, दो बेटे शशांक कुमार और सौरव कुमार, तथा एक बेटी छोड़ गए हैं। सैदपुर कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।