गाजीपुर में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाला गिरफ्तार, शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. खानपुर पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय बदरे आलम के रूप में हुई है, जिसे खानपुर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया।
यह मामला खानपुर थाना क्षेत्र का है, जहां नोनरा गांव की 15 वर्षीय युवती को 1 मई 2026 को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया था। आरोप है कि आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) व क्षेत्राधिकारी सैदपुर के मार्गदर्शन में अपराधों की रोकथाम के लिए खानपुर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त आरोपी औड़िहार स्टेशन से अपने घर बहेरी गांव की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस बल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 मई 2026 को सुबह करीब 10:56 बजे उसरहां गांव से बहेरी जाने वाले रास्ते पर दबिश दी और आरोपी बदरे आलम पुत्र सलामुद्दीन उर्फ सलामु शाह निवासी ग्राम बहेरी, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
