गाजीपुर में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, मौके पर ही तोड़ा दम
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के धर्मांगतपुर ग्राम पंचायत निवासी 22 वर्षीय बाबूलाल की 26 मई को सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना शादियाबाद थाना क्षेत्र में पुल बाजार से पहले नदी पुल के पास हुई।
बाबूलाल अपने भाई की 10 जून को होने वाली शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाबूलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक और उसके चालक की तलाश जारी है।
बाबूलाल के परिजनों में इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां खुशी का माहौल गम में बदल गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
