Today Breaking News

गाजीपुर में डीएम ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया, छात्रा से अंग्रेजी की किताब पढ़वाई

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर सदर तहसील के उच्च प्राथमिक विद्यालय मिश्रवलिया का जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनके नाम, पिता का नाम और पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछकर शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। कक्षा-6 में उन्होंने एक छात्रा से अंग्रेजी की किताब पढ़वाकर उसकी समझ का परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई बच्चे बिना स्कूल ड्रेस के पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को निर्देश दिए कि एक विशेष अभियान चलाकर अभिभावकों से संपर्क किया जाए। अभिभावकों को बच्चों को स्कूल ड्रेस, बैग, जूते-मोजे पहनाकर विद्यालय भेजने के लिए जागरूक करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोई भी बच्चा बिना ड्रेस के विद्यालय न पहुंचे। इसकी जिम्मेदारी शिक्षकों और प्रधानाचार्य की तय की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन अभिभावकों की आर्थिक स्थिति कमजोर है, उन्हें विभागीय स्तर पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

जिलाधिकारी ने जिले के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए भी निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कक्षाओं के अंदर टाइम टेबल लगाए जाएं, पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई कराई जाए, नियमित टेस्ट लिए जाएं और बच्चों का होमवर्क जांचा जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विद्यालयों में पेयजल, आरओ, शौचालयों की सफाई और छात्रों के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने प्रधानाचार्य को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद वीडियो के माध्यम से रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी तय की जाएगी।