Today Breaking News

गाजीपुर में 14.85 हेक्टेयर सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त, 72 स्थानों से हटाया गया अवैध कब्जा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर गुरुवार को जिले की सातों तहसीलों में राजस्व अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत, पिछले दो दिनों में प्रशासनिक टीमों ने 72 स्थानों से लगभग 14.85 हेक्टेयर सरकारी और राजस्व भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया है।
इस कार्रवाई में चकरोड, पोखरी, रास्ते और ग्राम सभा की भूमि सहित अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। कई स्थानों पर भूमि का सीमांकन, पत्थरगड़ी और चकमार्ग बहाली का कार्य भी किया गया, जिससे सरकारी भूमि की स्थिति स्पष्ट हुई। जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पीथापुर में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी ने मौके पर निरीक्षण कर अवैध कब्जा हटवाया। इस भूमि को राजस्व अभिलेखों के अनुसार सुरक्षित किया गया। परसा में चकरोड से अतिक्रमण हटाया गया, जबकि गहमर और युवराजपुर में पत्थरगड़ी का कार्य पूरा हुआ।

कल्ही और पीनधरी में धारा 67 और धारा 24 के तहत भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। चकमीर मोहम्मद उर्फ मीरपुर, शाहपुर और मूसेपुर सहित कई अन्य गांवों में भी पैमाइश और सीमांकन की कार्रवाई की गई, जिससे भूमि विवादों का समाधान हुआ। यह अभियान सदर, जमानियां, जखनिया, मुहम्मदाबाद, सेवराई, सैदपुर और कासिमाबाद सहित विभिन्न तहसीलों की दर्जनों राजस्व ग्रामों में व्यापक स्तर पर चला। इन सभी स्थानों पर जेसीबी मशीनों और राजस्व टीमों की सहायता से अवैध निर्माण हटाए गए।

कई जगहों पर नए चकरोड का निर्माण किया गया और पोखरों से अतिक्रमण हटाकर उन्हें सार्वजनिक उपयोग के लिए तैयार किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धारा 116, 124 और 67 के तहत यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, कब्जा मुक्त कराई गई भूमि को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया है। आमजन से अपील की गई है कि वे अवैध अतिक्रमण से बचें और किसी भी शिकायत की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें।