Today Breaking News

गाजीपुर में विद्युत उपकेंद्र में JE और कर्मचारियों से मारपीट, मुकदमा दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र स्थित भीमापार विद्युत उपकेंद्र पर शनिवार को कर्मचारियों और अवर अभियंता (जेई) इन्दल राम के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि दो लोगों ने सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी और जेई के पहले से फ्रैक्चर हुए हाथ पर भी हमला किया। घटना के बाद पीड़ित कर्मचारियों ने सैदपुर कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जेई इन्दल राम ने अपनी तहरीर में बताया कि 33/11 केवी उपकेंद्र भीमापार से जुड़े उपखंड कार्यालय में उपखंड अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह अपने कार्यालय में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गौरा गांव निवासी राकेश सिंह पुत्र रामबचन और बसंतु राजभर पुत्र सर्वोत्तम कुछ अन्य लोगों के साथ कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जातिसूचक गालियां भी दीं।

यह घटना गौरा गांव में बिजली के तार टूटने से शुरू हुई। बीती रात तेज हवा के कारण एलटी तार टूटकर एक मढ़ई पर गिर गया था, जिससे उसमें आग लग गई थी। शनिवार सुबह मिर्जापुर विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत संविदा विद्युत कर्मचारी संजय यादव सूचना मिलने पर तार जोड़ने गौरा गांव पहुंचे थे।

गौरा गांव में तार जोड़ते समय गांव के ही राकेश सिंह और बसंतु राजभर ने जली हुई बांस की लकड़ी से संजय यादव पर हमला कर दिया। संजय यादव ने किसी तरह वहां से भागकर भीमापार उपखंड कार्यालय पहुंचकर जेई इन्दल राम से शिकायत की। इसी दौरान आरोपी भी कार्यालय पहुंच गए और वहां तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की।

सूचना मिलते ही घायल जेई और कर्मचारियों के साथ विद्युत वितरण खंड तृतीय के सभी कर्मचारी व जेई सैदपुर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए घायलों को मेडिकल जांच के लिए सैदपुर सीएचसी भेजा। कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।