गाजीपुर में शराबियों ने एक-दूसरे को जमकर पीटा, कीचड़ में उठा-पटक करते रहे
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सेवराई तहसील मुख्यालय स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के पास मुख्य नहर में शराबियों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में कुछ लोग नहर के कीचड़ में उतरकर गाली-गलौज और मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना कुछ दिन पुरानी बताई जा रही है। शराब के नशे में धुत लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कंपोजिट शराब दुकान के आसपास नहर किनारे खुलेआम शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। उनका कहना है कि इसी वजह से क्षेत्र में आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खुलेआम शराब पीने वालों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
