Today Breaking News

गाजीपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पैंकवली गांव में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 65 वर्षीय रामायण राजभर की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीमुद्दीनपुर पुलिस और मुहम्मदाबाद तहसीलदार के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
पैंकवली गांव निवासी रामायण राजभर अपनी बकरियों को चराने के लिए गांव से बाहर निकले थे। गांव के सामने फुलवरिया बाग के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वाहन चालक फरार हो चुका था। परिजनों को सूचना मिलते ही वे भी घटनास्थल पर पहुंचे। रामायण राजभर को मृत देखकर परिजन रोने लगे।

देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने रामायण राजभर के शव को सड़क पर रखकर दुबिहां-रसड़ा मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे। यह जाम लगभग दो घंटे तक चला।

सूचना मिलने पर करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष रमेश पटेल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। परिजन उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मुहम्मदाबाद तहसीलदार के पहुंचने और आवश्यक कार्रवाई व मुआवजे का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त हुआ। इसके उपरांत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।