गाजीपुर में ब्लॉक प्रमुख पर हमला, सैदपुर में दो आरोपी गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सोमवार शाम सैदपुर खंड विकास कार्यालय में ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले के नामजद अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
सैदपुर पुलिस ने बुधवार को प्रवेश यादव और गंगा सागर नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना के दिन से ही पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस टीमें मुख्य अभियुक्त देवराज सिंह सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख पर हमले के नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अभियुक्तों के खिलाफ 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
