गाजीपुर में शुरू हुआ अंधऊ-चौकिया बाईपास हाईवे निर्माण! यातायात को मिलेगी राहत, जानिए कब बनेगा पूरा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा वाले अंधऊ-चौकिया बाईपास के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से शुरू कर दी गई है। पीडब्ल्यूडी से निर्माण के लिए टेंडर मंजूरी के साथ ही मिट्टी गिराने का भी काम शुरू हो गया है। उधर,राजस्व विभाग की टीम किसानों के अंश निर्धारण में जुटी है। इसके बाद किसानों को मुआवजा का वितरण शुरू किया जाएगा।
शासन ने किसानों की जमीन के मुआवजा के लिए पहले ही 13.45 करोड़ रुपये जारी कर रखा है। करीब एक साल पहले समीक्षा बैठक में आए मुख्यमंत्री ने शहर के बीच से भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए अंधऊ-चौकिया बाईपास निर्माण की घोषणा की थी।
सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा मिलेगा
हालांकि प्रस्ताव शासन को भेजने और स्वीकृति में एक साल का समय लग गया। अब लोकनिर्माण विभाग ने बाढ़ू सिंह कुशवाहा के नाम टेंडर छोड़ा है।कुल करीब 14 करोड़ का टेंडर निकला था, जिसमें 10.20 करोड़ में ठेकेदार ने लिया है। लोकनिर्माण विभाग ने पहले ही मध्य रेखा पर खूंटी गाड़ी दी है। इसके दोनों तरफ दस-दस मीटर जमीन ली जानी है।
20 मीटर चौड़ा और 3.900 किमी लंबा यह बाईपास होगा। करीब 40 करोड़ का कुल खर्च आने का अनुमान है। पीडब्ल्यूडी के निशान लगाने के बाद राजस्व विभाग के कानूनगो व लेखपालों की छह सदस्यीय टीम किसानों की हिस्सेदारी की रिपोर्ट तैयार कर रही है। इसी के आधार पर किसानों को जमीन का मुआवजा दिलाया जाएगा। किसानों को सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा मिलेगा।
इन गांवों से होकर गुजरेगा अंधऊ-चौकिया बाईपास
अंधऊ-चौकिया बाईपास मार्ग अंधऊ, बिराइच, चकदराब, चकहुसान व रसूलपुर बेलवा से होकर निकलेगा।
बाईपास निर्माण के लिए बाढ़ू सिंह कुशवाहा की फर्म को 10.22 करोड़ में टेंडर मिल गया है। ठेकेदार ने मिट्टी गिराने का काम शुरू कर दिया है। राजस्व विभाग से किसानों का मुआवजा निर्धारित होते ही उनके खातों में भेजा जाएगा।- बीएल गौतम, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोकनिर्माण विभाग
