गाजीपुर में अपाचे बाइक लेकर युवक फरार, स्प्लेंडर बाइक छोड़ गया, जांच में जुटी पुलिस
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह के बोगना गांव में एक अजीबोगरीब ठगी का मामला सामने आया है। एक उचक्का झांसा देकर अपाचे बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि मौके पर चाबी लगी एक हीरो स्प्लेंडर बाइक छोड़ गया।
बोगना गांव निवासी विजय बहादुर अपनी अपाचे बाइक से कहीं जा रहे थे। गांव के सुनसान बगीचे के पास वे मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान बगीचे में पहले से मौजूद एक अज्ञात युवक ने उन्हें अपनी अपाचे बाइक कुछ दूर चलाकर देखने का झांसा दिया।
युवक बाइक लेकर बरही की तरफ चला गया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा, तब विजय बहादुर को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर घटना की सूचना दी।
उचक्का मौके पर चाबी लगी एक हीरो स्प्लेंडर बाइक छोड़कर गया था। इस बाइक की डिग्गी में गाड़ी के फोटोस्टेट कागजात मिले, जो सुल्तानपुर जनपद निवासी एक व्यक्ति के नाम पर थे।
पीड़ित विजय बहादुर ने खड़ी मिली स्प्लेंडर बाइक के साथ मरदह थाने पहुंचकर ठगी की वारदात की शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में सीओ कासिमाबाद अनुभव राजर्षि ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस अजीबोगरीब वारदात की क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है।
