Today Breaking News

गाजीपुर में दुष्कर्म-पॉक्सो एक्ट का फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां में पुलिस ने गुरूवार को दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के एक फरार आरोपी को चार महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अजय कुमार पर 17 वर्षीय बीए की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप है। उसे मेदनीपुर के पास एक ढाबे के निकट सड़क किनारे से पकड़ा गया, जब वह कहीं भागने की फिराक में था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अजय कुमार को थाने ले आई, जहां उससे कड़ी पूछताछ की गई। इसके बाद संबंधित धाराओं में उसका चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को चौदह दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना बीते फरवरी माह की है। क्षेत्र की एक 17 वर्षीय बीए की छात्रा गाजीपुर जाने के लिए सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान, पड़ोस के ही युवक अजय कुमार ने उसे गाजीपुर छोड़ने का बहाना बनाकर बहला-फुसलाया और अपनी बाइक पर बिठाकर भगा ले गया।

आरोपी छात्रा को एक अनजान जगह ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

छात्रा किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। तभी से अजय कुमार फरार चल रहा था।

थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि आरोपी युवक को उपनिरीक्षक भोला नाथ सरोज के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। उसका चालान कर दिया गया, जिसके बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया।