Today Breaking News

गाजीपुर में दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां में पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 24 वर्षीय दीपक कुमार राम को बुधवार को रेलवे स्टेशन से उस समय पकड़ा गया, जब वह कहीं भागने की फिराक में ट्रेन का इंतजार कर रहा था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। इसके बाद उसका मेडिकल मुआयना कराकर कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना तीन दिन पहले हुई थी। क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय इंटर की छात्रा बाजार जाने के लिए घर से निकली थी। आरोपी दीपक कुमार राम उसे बाजार छोड़ने के बहाने बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

किशोरी के देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रास्ते में वह रोती हुई मिली, जिसने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।

प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी का चालान कर दिया गया है और कोर्ट ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजा है।